हमले के बाद क्षतिग्रस्त मठ 
देश/विदेश

म्यांमार में बौद्ध मठ पर सैन्य हवाई हमला, 14 लोगों की मौत

हमले में 20 अन्य लोग घायल

Bharat Paswan

बैंकॉक : म्यांमार के मध्य सागाइंग क्षेत्र में शुक्रवार को सेना के हवाई हमले में एक बौद्ध मठ में ठहरे 14 लोगों की मौत हो गई। विपक्षी समूह और एक स्थानीय निवासी के अनुसार, मृतक एक सप्ताह तक चलने वाले ध्यान एवं आध्यात्मिक साधना कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे थे। हमले में 20 अन्य लोग घायल हुए हैं। यह हमला म्यांमार में सैन्य शासन के विरोध में सक्रिय लोकतंत्र समर्थक सशस्त्र संगठनों और जातीय विद्रोही समूहों के खिलाफ सेना की लगातार जारी हवाई कार्रवाई की ताजा कड़ी है। इन हमलों में अक्सर आम नागरिक भी मारे जाते हैं। सिविल डिफेंस एंड सिक्योरिटी ऑर्गनाइजेशन ऑफ म्युआंग टाउनशिप (सीडीएसओएम) के प्रवक्ता न्वे ऊ के मुताबिक, हमला शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे म्युआंग टाउनशिप के स्वेल ले ओह गांव में हुआ। यह इलाका देश के दूसरे सबसे बड़े शहर मांडले से करीब 75 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है। उन्होंने बताया कि एक लड़ाकू विमान ने गांव के बौद्ध मठ परिसर में बम गिराया। हमले में तीन महिलाओं समेत 14 लोगों की मौत हुई, जबकि 20 अन्य घायल हो गए।

SCROLL FOR NEXT