देश/विदेश

माइल तिलक मगरमच्छ हमला: रातभर चले खोज अभियान के बाद युवक का शव बरामद

मगरमच्छ अब भी पकड़ से बाहर

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : फेरारगंज तहसील के अंतर्गत माइल तिलक क्षेत्र में मगरमच्छ के हमले में लापता हुए 25 वर्षीय युवक दीपक कुजूर का शव आज तड़के लगभग 4 बजे बरामद कर लिया गया। शव की बरामदगी वन विभाग, पुलिस तथा स्थानीय लोगों द्वारा रातभर चलाए गए संयुक्त खोज अभियान के दौरान हुई। हालांकि हमले के लिए जिम्मेदार मगरमच्छ को अब तक पकड़ा नहीं जा सका है। फेरारगंज ग्राम पंचायत के प्रधान सुनील कुमार ने बताया कि 18 जून की सुबह दीपक कुजूर अपनी डिंगी नाव को खाड़ी से निकालने का प्रयास कर रहा था, तभी एक मगरमच्छ ने उस पर हमला कर उसे पानी के भीतर खींच लिया था। घटना के बाद से ही वन विभाग एवं पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर खोज अभियान चलाया जा रहा था। जानकारी के अनुसार वन विभाग ने खाड़ी में कई स्थानों पर जाल लगाए थे ताकि मगरमच्छ की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। आज तड़के करीब 4 बजे इन्हीं जालों में युवक का शव फंसा हुआ मिला। बताया गया है कि शव के दोनों हाथ और दोनों पैर गायब थे, जिससे आशंका जताई जा रही है कि मगरमच्छ द्वारा शव को गंभीर रूप से क्षत-विक्षत किया गया। शव बरामद होने के बाद उसे आगे की कानूनी कार्रवाई एवं पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं वन विभाग की टीमें अब भी क्षेत्र में तैनात हैं और मगरमच्छ को पकड़ने के प्रयास जारी हैं। समाचार लिखे जाने तक मगरमच्छ को पकड़ने में सफलता नहीं मिल सकी थी।

SCROLL FOR NEXT