सैन फ्रांसिस्को : माइक्रोसॉफ्ट ने अपनी डिजिटल सेवाओं में बड़ी तकनीकी बाधा के बाद भविष्य में ऐसी स्थिति रोकने के लिए ‘कोड रेड’ अभियान शुरू किया है। कंपनी की कई सेवाएं 12-13 नवंबर को करीब 24 घंटे तक प्रभावित रही थीं, जिससे दुनियाभर के यूजर्स को परेशानी हुई थी। ‘कोड रेड’ के तहत माइक्रोसॉफ्ट सर्वर की क्षमता बढ़ाने, क्षेत्रीय गड़बड़ियों को वैश्विक असर से रोकने और सेवाओं की बहाली तेज करने पर काम करेगा। माइक्रोसॉफ्ट के एम365 कोर डिवीजन के अध्यक्ष जेसन हेंडरसन ने कर्मचारियों को भेजे ज्ञापन में इस घटना को एक्सचेंज ऑनलाइन के इतिहास की सबसे गंभीर सेवा बाधा बताया। इससे ईमेल सेवाओं तक बड़ी संख्या में ग्राहक लंबे समय तक पहुंच नहीं बना सके थे। इसका असर अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया की सरकारी एजेंसियों के अलावा व्यापारिक कंपनियों और विमानन सेवाओं पर भी पड़ा। आउटलुक, एक्सचेंज ऑनलाइन, टीम्स और कोपायलट समेत कई सेवाएं प्रभावित हुई थीं। कंपनी के अनुसार, इसकी वजह साइबर हमला नहीं, बल्कि जुलाई में आया विंडोज का एक तकनीकी दोष था।