वेलिंगटन : दुनिया के कई शहरों के नीचे मौजूद भूजल भंडारों से जरूरत से ज्यादा पानी निकाले जाने के कारण जमीन धंस रही है जिससे तटीय शहरों पर समुद्र के बढ़ते जलस्तर का खतरा और बढ़ रहा है। हालांकि, नए शोध के अनुसार भूजल भंडारों को फिर से भरने से जमीन के धंसने की प्रक्रिया को कुछ हद तक रोका जा सकता है। शोध में यह भी सामने आया कि भूजल की तेजी से बहाली और जमीन के ऊपर उठने की प्रक्रिया में भूमिगत भ्रंश रेखाएं (फॉल्ट लाइन) महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। भूमि का धीरे-धीरे नीचे धंसना दुनिया के कई बड़े शहरों के लिए चुनौती बन गया है। इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता के कुछ हिस्से हर साल 10 सेंटीमीटर से अधिक धंस रहे हैं, जिसके कारण सरकार को शहर को स्थानांतरित करने की योजना बनानी पड़ी है। चीन के तटीय शहर तियानजिन में करीब 1.5 करोड़ लोग रहते हैं। यदि वहां जमीन के धंसने की रफ्तार इसी तरह जारी रही तो 2120 तक शहर की 15 प्रतिशत आबादी पानी की चपेट में आ सकती है। सैन डियागो से लेकर ईरान के प्रमुख शहरों तक कई जगह ऐसी ही स्थिति है, जहां भूजल का दोहन उसके प्राकृतिक रूप से दोबारा भरने की क्षमता से अधिक हो रहा है। न्यूजीलैंड में हाल के अध्ययनों के अनुसार, देश के करीब 80 प्रतिशत शहरी तटवर्ती क्षेत्र धंस रहे हैं और क्राइस्टचर्च और वेलिंगटन सहित कुछ इलाकों में घटता भूजल इसका एक कारण हो सकता है।