शिविर में मौजूद म्यांमा के नागरिक 
देश/विदेश

मलेशिया ने म्यांमा के 1,500 नागरिकों को वापस भेजा

संयुक्त राष्ट्र की शरणार्थी एजेंसी और मानवाधिकार संगठनों ने चेतावनी दी

Bharat Paswan

यांगून : मलेशिया से वापस भेजे गए म्यांमा के करीब 1,500 नागरिक रविवार को देश के सबसे बड़े शहर यांगून पहुंचे। यह वापसी ऐसे समय हुई है जब संयुक्त राष्ट्र की शरणार्थी एजेंसी और मानवाधिकार संगठनों ने चेतावनी दी है कि म्यांमा के कुछ हिस्सों में हालात अब भी सुरक्षित नहीं हैं और लौटने वालों को खतरा हो सकता है। म्यांमा में एक फरवरी 2021 से राजनीतिक और सुरक्षा संकट जारी है। उस दिन सेना ने आंग सान सू ची की निर्वाचित सरकार से सत्ता अपने हाथ में ले ली थी। इसके बाद देश के बड़े हिस्से में व्यापक विरोध प्रदर्शन हुए और कई इलाकों में सशस्त्र संघर्ष शुरू हो गया। स्वदेश लौटने वालों में 86 महिलाएं भी शामिल हैं। इन लोगों को मलेशिया में अवैध रूप से रहने और आव्रजन संबंधी अन्य नियमों का उल्लंघन करने के मामलों में दोषी ठहराया गया था। उन्हें पिछले मंगलवार को मलेशिया से दो नौसैनिक युद्धपोतों और एक जहाज के जरिए रवाना किया गया था। मलेशिया के गृह मंत्रालय के अनुसार, ये लोग उन 5,000 नागरिकों में शामिल हैं, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से मलेशिया से वापस भेजा जाना है।

SCROLL FOR NEXT