कांग्रेस सांसद शशि थरूर ( फाइल फोटो )।  
देश/विदेश

मलप्पुरम हमला: थरूर के स्टाफ को क्यों बनाया निशाना?

कांग्रेस सांसद शशि थरूर के सुरक्षाकर्मी और वाहन चालक पर वंडूर में पांच लोगों के एक समूह ने कथित तौर पर हमला किया, जिसके बाद एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है।

मलप्पुरमः  कांग्रेस सांसद शशि थरूर के सुरक्षाकर्मी और वाहन चालक पर वंडूर में पांच लोगों के समूह ने कथित तौर पर हमला किया, जिसके बाद एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। वंडूर पुलिस के अनुसार, मामला दर्ज कर लिया गया है और एक व्यक्ति फिलहाल हिरासत में है।

पुलिस ने बताया कि थरूर के सुरक्षाकर्मी रतीश के. पी. की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। प्राथमिकी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे वंडूर के तिरुवाली के पास चेल्लीथोडे में हुई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना उस वक्त हुई जब चेल्लीथोडे पुल पर जाम था और थरूर कांग्रेस नेता ए. पी. अनिलकुमार के चुनावी अभियान कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।प्राथमिकी के मुताबिक, दो वाहनों में सवार आरोपियों ने सांसद के वाहन को रोक दिया। जब सुरक्षाकर्मी ने उन्हें हटाने का प्रयास किया तो उस पर और चालक पर कथित तौर पर हमला किया गया। पुलिस ने बताया कि सड़क संकरी थी और सुरक्षाकर्मी ने सांसद के काफिले के मार्ग को सुगम बनाने के लिए आगे चल रहे वाहन को केवल गति बढ़ाने के लिए कहा था।

पुलिस ने बताया कि शुक्रवार देर रात एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया और शेष आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस बीच, थरूर ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि इस घटना में उन्हें कोई चोट नहीं आई।

थरूर ने कहा कि बीती रात को उनके सुरक्षाकर्मी पर हुए हमले की अप्रिय घटना के बाद उन्हें कई संदेश और फोन कॉल आए जिसमें उनकी सलामती के बारे में पूछा गया था। उन्होंने कहा कि उनके प्रति चिंता प्रकट करने वाले शुभचिंतकों के वह दिल से बहुत आभारी है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं ठीक हूं और मुझे कोई चोट नहीं आई। सभी मित्रों और शुभचिंतकों का धन्यवाद। हमने कल बहादुरी से अपना काम जारी रखा और योजना के अनुसार दो और कार्यक्रम संपन्न किए। हमारे मौजूदा कार्यक्रम पर इसका कोई असर नहीं पड़ा है।’’

SCROLL FOR NEXT