सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : हाल ही में विश्वसनीय सूचना के आधार पर कालीघाट थाना की टीम ने अवैध शराब निर्माण पर रोक लगाने हेतु घने तालबागान वन क्षेत्र, उत्तर अण्डमान में छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान जंगल के भीतर प्लास्टिक एवं लोहे के ड्रमों में छिपाकर रखे गए लगभग 370 लीटर अवैध लेहान (कच्ची शराब) बरामद किए गए। किसी भी दावेदार के न मिलने पर संपूर्ण सामग्री, कंटेनरों तथा अवैध गतिविधियों में प्रयुक्त उपकरणों को विधि अनुसार मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
यह कार्रवाई उत्तर व मध्य अण्डमान ज़िला पुलिस द्वारा क्षेत्र में अवैध शराब गतिविधियों के विरुद्ध निरंतर सतर्कता एवं सख़्त कार्रवाई को दर्शाती है। प्राप्त विज्ञप्ति में आम जनता से अपील की गई है कि वे किसी भी अपराध या अवैध गतिविधि से संबंधित विश्वसनीय जानकारी निकटतम पुलिस थाना या हेल्पलाइन नंबर 100, 112 अथवा 03192-273344 पर साझा करें। सूचना देने वालों की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी तथा उपयुक्त पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा।