नैना देवी : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शुक्रवार को ऐलान किया कि राज्य सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए श्री आनंदपुर साहिब और श्री नैना देवी जी के बीच रोपवे शुरू करने हेतु हरसंभव प्रयास करेगी।
माता श्री नैना देवी जी मंदिर में माथा टेकने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि वह हिमाचल प्रदेश के अपने समकक्ष से अपील करेंगे कि इस सार्वजनिक हित के बड़े प्रोजेक्ट को शीघ्र सिरे चढ़ाने के लिए अधिकारियों का एक संयुक्त एक्शन ग्रुप गठित किया जाए। उन्होंने आशा जताई कि यह रोपवे इन दोनों ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों पर दर्शन के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुगम और निर्बाध यात्रा की सुविधा देगा। मुख्यमंत्री ने दुःख जताया कि पूर्ववर्ती सरकारों की खोखली प्रचार नीति और बेअसर दावों के बावजूद यह प्रोजेक्ट कभी अमल में नहीं आ सका। भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में श्री आनंदपुर साहिब और हिमाचल प्रदेश में श्री नैना देवी दुनिया भर के श्रद्धालुओं के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल हैं और यह रोपवे श्रद्धालुओं को इन दोनों धार्मिक स्थलों के दर्शन एक साथ करने की सहज सुविधा प्रदान करेगा। इस दौरान नवरात्रि के पावन पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शुक्रवार को शक्तिपीठ श्री माता नैना देवी जी में माथा टेक कर राज्य की तरक्की और लोगों की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। लोगों को नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि यह पर्व माता दुर्गा की असुरों पर विजय का प्रतीक है, जो बुराई पर अच्छाई की जीत का उत्सव है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह इस पावन धरती पर पंजाब से नशों के दानव को खत्म करने के लिए मां दुर्गा का आशीर्वाद लेने आए हैं।