देश/विदेश

मायाबंदर में एलपीजी संकट गहराया, लोगों को झेलनी पड़ रही भारी परेशानी

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : मायाबंदर क्षेत्र में जारी एलपीजी संकट को लेकर पूर्व प्रमुख अब्दुल सिद्दीक ने इस मुद्दे को उठाते हुए कहा है कि लंबे समय से गैस की अनियमित आपूर्ति के कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की तीन पंचायतों के लोग रसोई संचालन में कठिनाई झेल रहे हैं और उन्हें सिलेंडर के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि सीमित आपूर्ति के कारण कई लोगों को घंटों इंतजार करने के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ता है।

सरकारी कर्मचारी और बुजुर्ग विशेष रूप से प्रभावित हो रहे हैं, क्योंकि वे बार-बार गैस के लिए प्रयास नहीं कर सकते। उन्होंने सिविल सप्लाई विभाग के उप निदेशक से बातचीत का उल्लेख करते हुए कहा कि समुद्री मार्ग से शीघ्र ही 1000 से 1200 सिलेंडरों की आपूर्ति भेजी जाएगी। इसके अलावा सीसीएस के महाप्रबंधक मोहम्मद इकबाल ने भी आश्वासन दिया है कि डोंगी के वापस लौटने के बाद गैस आपूर्ति नियमित रूप से सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन और संबंधित विभागों के हस्तक्षेप से मायाबंदर क्षेत्र में गैस की आपूर्ति सुचारु और पारदर्शी रूप से सुनिश्चित की जा सकेगी।

SCROLL FOR NEXT