देश/विदेश

लक्ष्मी भंडार : शुक्रवार से ही सुनाई दी पैसों की खनक

बजट में घोषणा के 24 घंटे में खातों में जमा हुआ पैसा, राज्य की महिलाओं में खुशी की लहर

प्रसेनजीत, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : गुरुवार को हुई थी घोषणा, शुक्रवार को 'देवी लक्ष्मी' खुद चलकर आईं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा बजट में ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना की राशि में 500 रुपये की बढ़ोतरी की घोषणा के बाद शुक्रवार दोपहर से ही महिलाओं के बैंक खातों में बढ़ी हुई रकम जमा होने लगी। इस दिन दोपहर करीब ढाई बजे से नाम के वर्णानुक्रम के अनुसार भुगतान शुरू हुआ, जिससे राज्य के हर कोने में उत्साह और खुशी का माहौल है। कई महिलाओं ने इस अतिरिक्त राशि से दवाइयों की खरीद की, किसी ने बच्चों की पढ़ाई और ट्यूशन का खर्च निकाला, तो किसी ने भविष्य के लिए थोड़ी बचत कर ली। महिलाओं का कहना है कि यह बढ़ी हुई रकम उनके लिए बड़ी राहत है। राज्य की वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने बताया कि कुछ ही दिनों में सभी लाभार्थियों के खातों में राशि पहुंच जाएगी। नए आवेदकों को भी इसी चरण में भुगतान शुरू हो गया है। फिलहाल ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना के अंतर्गत 2 करोड़ 21 लाख महिलाएं लाभ पा रही हैं, जबकि 20 लाख से अधिक नये आवेदन प्रक्रियाधीन हैं। अब सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1000 की जगह 1500 रुपये और अनुसूचित जाति, जनजाति व पिछड़ा वर्ग की महिलाओं को 1200 की जगह 1700 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे। दक्षिण 24 परगना, जलपाईगुड़ी, हावड़ा और उत्तर 24 परगना सहित कई जिलों में महिलाओं ने मिठाई बांटकर और अबीर खेलकर खुशियां मनायीं। लाभार्थियों का कहना है कि इतनी जल्दी राशि मिलना अभूतपूर्व है और इससे घरेलू जरूरतों को पूरा करने में बड़ी मदद मिलेगी।

SCROLL FOR NEXT