मोजतबा खामेनेई  
देश/विदेश

खामेनेई का मुस्लिम देशों से एकजुट होने का आह्वान

खाड़ी के अरब देशों के शासकों को कहा असली दुश्मन को पहचाने

तेहरान : ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने मुस्लिम देशों, खासकर खाड़ी देशों से एकजुट होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम देशों के बीच मतभेदों का फायदा उनके विरोधियों को मिलता है। उन्होंने मुस्लिम राष्ट्रों से सहयोग बढ़ाने और सामूहिक रक्षा व्यवस्था मजबूत करने का आह्वान किया। इस्लामिक यूनिटी वीक के दौरान टेलीग्राम पर जारी लिखित संदेश में खामेनेई ने कहा कि क्षेत्रीय देशों को मतभेदों के बजाय साझा खतरों की पहचान करनी चाहिए और मिलकर उनका मुकाबला करना चाहिए।

खामेनेई ने सीधे खाड़ी के अरब देशों के शासकों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें अपने 'वास्तविक दुश्मन' की पहचान करनी चाहिए, उसकी योजनाओं को समझना चाहिए और उसका सामना करना चाहिए। उन्होंने गाजा की स्थिति का भी जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि यदि मुस्लिम देश एकजुट होते तो क्या फिलिस्तीनी इतने असहाय रह जाते।

उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति या सरकार जानबूझकर या अनजाने में मुस्लिम देशों के बीच विभाजन पैदा करती है, वह अंततः उनके दुश्मनों को फायदा पहुंचाती है। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने और मुस्लिम देशों के बीच सामूहिक रक्षा को मजबूत करने की जरूरत बताई। खामेनेई का यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव का असर पूरे खाड़ी क्षेत्र पर पड़ रहा है। सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, ओमान और कतर जैसे देशों ने अर्थव्यवस्था में विविधता लाने और तेल पर निर्भरता कम करने के लिए बड़े निवेश किए हैं। क्षेत्रीय संघर्ष से उनकी सुरक्षा और आर्थिक योजनाओं पर भी असर पड़ने की आशंका है।

SCROLL FOR NEXT