वाशिंगटन : विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अमेरिका में रूस, पोलैंड और दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्रियों के साथ अलग-अलग बैठकें करके यूक्रेन संघर्ष, पश्चिम एशिया की स्थिति, द्विपक्षीय संबंधों और बहुपक्षीय मुद्दों पर चर्चा की। ये बैठकें शनिवार को अटलांटा में जी-20 देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक से इतर हुईं। जयशंकर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के साथ ''यूक्रेन संघर्ष, खाड़ी क्षेत्र की स्थिति और बहुपक्षीय मुद्दों'' पर चर्चा की। विदेश मंत्री ने पोलैंड के उप प्रधानमंत्री सह विदेश मंत्री रादोस्लाव सिकोरस्की से भी मुलाकात की। इस दौरान यूक्रेन संघर्ष, भारत-यूरोपीय संघ (ईयू) संबंधों और जी-20 से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
इस वर्ष अमेरिका के निमंत्रण पर पोलैंड जी-20 की बैठकों में पूर्ण भागीदार के रूप में शामिल हो रहा है। जयशंकर ने कहा, ''पोलैंड के उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री रादोस्लाव सिकोरस्की के साथ मेरी बैठक में यूक्रेन संघर्ष, भारत-ईयू संबंधों और जी-20 पर चर्चा हुई।'' जयशंकर ने दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्री चो ह्यून से भी मुलाकात की।