विदेश मंत्री एस. जयशंकर जापान-भारत संघ के अध्यक्ष फुमियो किशिदा से मुलाकात करते 
देश/विदेश

जयशंकर ने किशिदा से मुलाकात की, रणनीतिक सहयोग पर चर्चा

दोनों देशों के साझा रणनीतिक हितों और आर्थिक सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग पर चर्चा हुई।

Bharat Paswan

तोक्यो : विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बुधवार को जापान के पूर्व प्रधानमंत्री और जापान-भारत संघ के अध्यक्ष फुमियो किशिदा से मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के साझा रणनीतिक हितों और आर्थिक सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग पर चर्चा हुई। जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा कि दोनों देशों के रणनीतिक और आर्थिक सुरक्षा संबंधी हितों में समानता है। उन्होंने भारत-जापान विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक साझेदारी को मजबूत करने में किशिदा के समर्थन की सराहना की। जयशंकर और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भारत-जापान के विदेश एवं रक्षा मंत्रियों की चौथी 'टू प्लस टू' वार्ता के लिए जापान में हैं। यह बैठक गुरुवार को जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी और रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी के साथ होगी। इसमें रक्षा एवं रणनीतिक सहयोग की समीक्षा और क्षेत्रीय-वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होगी। जयशंकर जापानी विदेश मंत्री के साथ 19वीं रणनीतिक वार्ता और 'रायसीना तोक्यो' सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे।

SCROLL FOR NEXT