यरुशलम : इजराइल ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की गाजा में युद्ध समाप्त करने के लिए प्रस्तावित 15 सूत्री ‘बोर्ड ऑफ पीस’ योजना को खारिज कर दिया है। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को स्पष्ट किया कि हमास के पूरी तरह हथियार डालने तक इजराइली सेना गाजा से पीछे नहीं हटेगी। ट्रंप ने पिछले महीने दावा किया था कि गाजा में युद्ध समाप्त करने की उनकी योजना को लेकर महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। यह योजना पिछले साल इजराइल और हमास के बीच हुए युद्धविराम समझौते के बाद सामने आई थी। हालांकि, युद्धविराम पर सहमति बनने के बाद भी गाजा में इजराइली हमले जारी रहे हैं। ट्रंप के अनुसार, गाजा पर करीब दो दशक तक शासन करने वाले हमास ने अपने हथियार छोड़ने पर सहमति जताई थी। हमास ने 7 अक्टूबर 2023 को इजराइल पर हमला किया था, जिसके बाद गाजा युद्ध शुरू हुआ था। नेतन्याहू के ताजा बयान से संकेत मिलता है कि गाजा में संघर्ष खत्म करने के लिए अमेरिकी प्रयासों के बावजूद इजराइल और हमास के बीच कई अहम मुद्दों पर मतभेद बरकरार हैं। इजराइल की प्रमुख शर्त हमास का पूर्ण निरस्त्रीकरण है, जबकि गाजा के भविष्य और वहां की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन पाई है।