ईरान की मदद से बनी हिजबुल्ला की वह सुरंग जो तबाह हो गई।  
देश/विदेश

इजराइल ने हिजबुल्लाह की सुरंग उड़ाई, कई आतंकी मारे गए

अब ड्रोन खतरे का अंत करेंगे: नेतन्याहू

यरुशलम : इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि इजराइली सेना ने दक्षिणी लेबनान के कंतारा में हिजबुल्लाह की एक बड़ी सुरंग को नष्ट कर दिया है। उनके अनुसार, इस कार्रवाई में कई आतंकवादी मारे गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सेना का अभियान अभी खत्म नहीं हुआ है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। इजराइल रक्षा बल (IDF) के मुताबिक, यह सुरंग दक्षिणी लेबनान के कंतारा इलाके में मिली। यह करीब 2 किलोमीटर लंबी और जमीन से लगभग 25 मीटर नीचे तक जाती थी। सुरंग को मजबूत चट्टानों के अंदर बनाया गया था और इसमें करीब 30 शाफ्ट और कई कमरे मौजूद थे।

सुरंग उड़ाने में लगे 450 टन विस्फोटक : सेना ने बताया कि दक्षिणी लेबनान के कंतारा में बने इस सुरंग का इस्तेमाल हिजबुल्लाह के लड़ाके छिपने और हथियार रखने के लिए करते थे। अंदर हथियारों का बड़ा जखीरा भी मिला। मंगलवार रात इस सुरंग को 450 टन विस्फोटकों की मदद से उड़ा दिया गया। विस्फोट इतना तेज था कि लगा जैसे भूकंप आ गया हो। 

नेतन्याहू ने बताई आगे की रणनीति : प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने कहा कि उन्होंने ड्रोन हमलों को रोकने के लिए एक विशेष योजना शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इसमें कुछ समय लगेगा, लेकिन इसे भी खत्म कर दिया जाएगा। वहीं, रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने कहा कि सेना को गाजा की तरह हिजबुल्लाह के पूरे ढांचे को खत्म करने का आदेश दिया गया है। इजराइली सेना का कहना है कि इस तरह की सुरंगें क्षेत्र की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा हैं। इसलिए इन्हें ढूंढकर नष्ट करना जरूरी है। फिलहाल इलाके में सेना की कार्रवाई जारी है और हालात पर नजर रखी जा रही है।

SCROLL FOR NEXT