वाशिंगटन : ईरान युद्ध के दौरान अमेरिकी अरबपति एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स की सैटेलाइट इंटरनेट सेवा स्टारलिंक के कथित इस्तेमाल का मामला सामने आया है। द वाशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान ने अमेरिकी सेना के खिलाफ सैन्य अभियान में स्टारलिंक का इस्तेमाल किया। इस खुलासे से मस्क नाराज हो गए। रिपोर्ट के मुताबिक, 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के ईरान पर हमले के बाद तेहरान ने पश्चिम एशिया में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए। इसी दौरान मस्क को पता चला कि ईरान स्टारलिंक के जरिए अपनी सैन्य गतिविधियों में मदद ले रहा है। वहीं, अमेरिकी सेना भी स्टारलिंक के सैन्य संस्करण स्टारशील्ड का इस्तेमाल कर रही थी। रिपोर्ट में चार सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि स्टारलिंक के अनधिकृत इस्तेमाल को लेकर स्पेसएक्स ने कार्रवाई की और दो अधिकारियों को बर्खास्त किया। ईरान द्वारा अमेरिकी तकनीक के इस्तेमाल की खबर से मस्क की नाराजगी और बढ़ गई। इससे आधुनिक युद्ध में निजी सैटेलाइट नेटवर्क की सुरक्षा और नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।