फाइल फोटो 
देश/विदेश

दूसरे देशों के पर्यटन स्थलों पर हमले कर सकता है ईरान, दी धमकी

कहा-युद्ध की स्थित में भी बना रहे हैं मिसाइलें, भंडारण की कोई समस्या नहीं

दुबई : इजराइल-ईरान जंग में अमेरिका द्वारा पश्चिम एशिया में 3 अतिरिक्त युद्धपोत और लगभग 2,500 अतिरिक्त मरीन सैनिकों की तैनाती की खबरों के बीच ईरान ने धमकी दी है कि अमेरिका और ईजराइल उसके देश पर हमले करते रहें तो वह अब दुनिया भर के मनोरंजन और पर्यटन स्थलों पर मिसाइल हमले करेगा। शीर्ष ईरानी सैन्य प्रवक्ता जनरल अबोलफजल शेखरची की धमकी ने इस चिंता को फिर से बढ़ा दिया है कि ईरान दबाव बनाने की रणनीति के रूप में पश्चिम एशिया से बाहर आतंकवादी हमलों का इस्तेमाल फिर से शुरू कर सकता है। इधर, ईरान के एक अन्य जनरल अली मोहम्मद नैनी ने कहा कि हम युद्ध की स्थिति में भी मिसाइलों का उत्पादन कर रहे हैं, जो अद्भुत है, और भंडार करने में कोई विशेष समस्या नहीं है। ईरान की धमकी अमेरिका और इजराइल के साथ जारी उसके संघर्ष के लगभग तीन सप्ताह बाद आई है, जिसमें तेहरान के कई शीर्ष नेता मारे गए हैं और उसके हथियार एवं ऊर्जा उद्योगों को भारी नुकसान पहुंचा है।

नेतन्याहू का दावा ईरानी नौसेना डूबी, वायुसेना पूरी तरह से नष्ट

इसके पहले गुरुवार को इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने दावा किया कि ईरान की नौसेना डूब गई है और उसकी वायुसेना पूरी तरह से नष्ट हो गई है। उन्होंने यह भी कहा कि बैलिस्टिक मिसाइलों के उत्पादन की उसकी क्षमता को खत्म कर दिया गया है।

नेतन्याहू ने मानी ट्रंप की अपील : इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि ईरानी प्रतिक्रिया के उपरांत तेल की कीमतों में भारी उछाल आने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अनुरोध पर इजराइल गैस क्षेत्र पर अपनी ओर से कोई और हमला नहीं करेगा।

SCROLL FOR NEXT