ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची 
देश/विदेश

ईरान अमेरिका के साथ निष्पक्ष समझौते को तैयार

समझौते पर ट्रंप स्पष्ट करें रुख, यूरेनियम बाहर भेजने से ईरान का इनकार

Bharat Paswan

तेहरान : ईरान अमेरिका के साथ युद्ध समाप्त करने के लिए कूटनीतिक समझौते को तैयार है, लेकिन अपनी परमाणु नीति से जुड़े अहम मुद्दों पर कोई समझौता नहीं करेगा। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि उनका देश अपने संवर्धित यूरेनियम को किसी भी सूरत में देश से बाहर नहीं भेजेगा। इसके बावजूद तेहरान का मानना है कि दोनों देशों के बीच मतभेदों के बावजूद निष्पक्ष समझौता संभव है। एक साक्षात्कार में अराघची ने कहा कि मध्यस्थों के जरिये अमेरिका के साथ संदेशों का आदान-प्रदान जारी है। ईरान ऐसा समझौता चाहता है, जिससे भविष्य में अमेरिका के साथ दोबारा युद्ध की आशंका खत्म हो। हालांकि, बातचीत को आगे बढ़ाने से पहले वह यह भरोसा चाहता है कि वाशिंगटन वास्तव में समझौते के लिए गंभीर है। उन्होंने कहा कि ईरान की प्रमुख शर्तों में संवर्धित यूरेनियम का देश के भीतर ही रहना शामिल है। इसके बावजूद दोनों पक्षों के लिए स्वीकार्य व्यवस्था तैयार की जा सकती है। अराघची के अनुसार, बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए विश्वास बहाली के उपायों के स्वरूप पर भी मध्यस्थों से चर्चा हुई है।

ट्रंप से स्पष्ट रुख की मांग :

अराघची ने कहा कि ईरान की पहली मांग है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप स्पष्ट रूप से बताएं कि वह समझौता करना चाहते हैं। उन्होंने वाशिंगटन के रुख में निरंतरता की कमी पर सवाल उठाते हुए कहा कि ट्रंप का हर दिन नया रुख अपनाना या पिछले दिन के बयान से पलट जाना कोई हैरानी की बात नहीं है। इसके बावजूद ईरान ने शांति प्रयासों में शामिल मध्यस्थों को बदलने की जरूरत नहीं समझी है।

परमाणु नीति में बदलाव नहीं :

ईरानी विदेश मंत्री ने दोहराया कि परमाणु अप्रसार संधि (एनपीटी) को लेकर उनके देश का आधिकारिक रुख पहले जैसा ही है और परमाणु सिद्धांत में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है। उनके बयान से संकेत मिलता है कि संवर्धित यूरेनियम का मुद्दा अमेरिका के साथ बातचीत में सबसे बड़ी अड़चनों में से एक बना हुआ है। हालांकि, तेहरान विश्वसनीय आश्वासन मिलने पर स्थायी समझौते के लिए कूटनीतिक रास्ता तलाशने को तैयार है।

SCROLL FOR NEXT