सैन फ्रांसिस्को : अमेरिकी प्रौद्योगिकी कंपनी एनवीडिया ने अपने सीईओ जेनसन हुआंग के एक विदेशी खुफिया एजेंसी के निशाने पर होने की खबरों की जांच शुरू की है। कंपनी के निदेशक मंडल ने रविवार को इसकी जानकारी दी। हुआंग ने बोर्ड के समक्ष एक महिला कारोबारी अधिकारी से अंतरंग संबंध होने की बात स्वीकार की है। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को संदेह है कि उक्त महिला चीन सरकार को गोपनीय सूचनाएं पहुंचा रही थीं। रिपोर्ट के मुताबिक, हुआंग ने अपनी पत्नी और बच्चों से माफी भी मांगी है। उन्होंने अपने कृत्य पर अफसोस जताते हुए इसे गलत बताया। कंपनी के निदेशक मंडल ने कहा कि फिलहाल राष्ट्रीय सुरक्षा या एनवीडिया की गोपनीय जानकारी से समझौता होने का कोई संकेत नहीं है। हालांकि, सभी उपलब्ध जानकारियों की जांच की जाएगी। बोर्ड के अनुसार, हुआंग जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं और जांच के दौरान सीईओ बने रहेंगे। रिपोर्ट में महिला की पहचान एलिस हुआंग के रूप में की गई है। वह पहले चीन में टीवी पत्रकार थीं और बाद में सिंगापुर की डेटा सेंटर कंपनी मेगास्पीड में शीर्ष अधिकारी बनीं। कंपनी ने दो वर्षों में एनवीडिया से 4.8 अरब डॉलर से अधिक की चिप खरीदी हैं।