देश/विदेश

उल्लास वृद्धाश्रम में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया

बुजुर्ग महिलाओं के अनुभव और संघर्षों को सम्मान

हेल्पलाइन टीम ने बुजुर्गों के साथ संवाद किया

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : सामाजिक कल्याण निदेशालय के अंतर्गत संचालित नेशनल हेल्पलाइन फॉर सीनियर सिटीज़न्स द्वारा उल्लास वृद्धाश्रम में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य वहां निवास कर रही बुजुर्ग महिलाओं की शक्ति, उनके योगदान और जीवन संघर्षों को सम्मान देना था। कार्यक्रम में नोडल अधिकारी (एल्डर हेल्पलाइन), नोडल अधिकारी (सीनियर सिटीज़न्स) तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) के अधिवक्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत एल्डर हेल्पलाइन के प्रोजेक्ट मैनेजर द्वारा उपस्थित अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत कर, की गई। महिला दिवस के उपलक्ष्य में केक काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया, जिसके बाद वृद्धाश्रम में रह रही महिलाओं के साथ संवाद सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान बुजुर्ग महिलाओं ने अपने जीवन के अनुभवों, संघर्षों और यादों को साझा किया। संवाद सत्र में हेल्पलाइन की टीम ने बुजुर्ग महिलाओं के साथ आत्मीयता से बातचीत की और उनके जीवन से जुड़ी प्रेरणादायक कहानियों को सुना। बुजुर्ग महिलाओं ने खुले दिल से अपने विचार व्यक्त किए और अपने जीवन की यादों तथा भावनाओं को उत्साह के साथ साझा किया। यह एक भावनात्मक और सार्थक संवाद रहा, जिसमें बुजुर्गों को यह महसूस हुआ कि समाज उनके अनुभवों और जीवन यात्रा को महत्व देता है। कार्यक्रम के दौरान मनोरंजक खेल, सांस्कृतिक गतिविधियां और पुरस्कार वितरण भी आयोजित किया गया, जिससे वृद्धाश्रम में रह रहे सभी बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिला। यह कार्यक्रम इस वर्ष की थीम “गिव टू गेन” की भावना को भी दर्शाता है, जो समाज में बुजुर्ग महिलाओं के प्रति करुणा, सम्मान और संवेदनशीलता के महत्व को रेखांकित करता है। इसी क्रम में एल्डर हेल्पलाइन द्वारा उल्लास वृद्धाश्रम के निवासियों के लिए एक सप्ताह तक चलने वाली विभिन्न गतिविधियों का भी आयोजन करने की योजना बनाई जा रही है। प्रस्तावित कार्यक्रमों में नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर, मनोरंजक एवं स्वास्थ्य संबंधी सत्र तथा आसपास के मंदिरों और आध्यात्मिक स्थलों का भ्रमण शामिल है, ताकि बुजुर्गों को सामाजिक संपर्क, स्वास्थ्य जांच और मानसिक संतुलन बनाए रखने के अवसर मिल सकें।

SCROLL FOR NEXT