मलेशिया में वीजा को लेकर अपील (प्रतिकात्मक फोटो) 
देश/विदेश

भारतीयों को मलेशिया की वीजा फ्री इंट्री सुविधा के खिलाफ आगाह किया

भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर किया एडवाइजरी

Bharat Paswan

सिंगापुर : भारत ने मंगलवार को मलेशिया में अपने नागरिकों को सलाह दी कि वे रोजगार की तलाश के लिए देश की 30 दिन की वीजा-मुक्त प्रवेश सुविधा का इस्तेमाल न करें। कुआलालंपुर स्थित भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी एक परामर्श में कहा कि उसने मलेशिया पहुंचने वाले भारतीय नागरिकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि देखी है, जिन्हें नौकरी के झूठे वादों के जरिए बेईमान एजेंटों द्वारा गुमराह किया जा रहा है। उच्चायोग ने कहा कि 30 दिन की वीजा-मुक्त प्रवेश सुविधा केवल पर्यटन और सामाजिक यात्राओं के लिए है तथा इसके तहत रोजगार की अनुमति नहीं है। उच्चायोग ने परामर्श में कहा है कि वास्तविक पर्यटकों को मलेशिया पहुंचने पर आव्रजन संबंधी समस्याओं से बचने के लिए वैध और सत्यापित किए जा सकने वाले दस्तावेज साथ रखने चाहिए। इनमें वापसी का पुष्ट टिकट, होटल की बुकिंग, आगमन की तारीख से तीन दिन पहले मलेशिया डिजिटल आगमन कार्ड (एमडीएसी) ऑनलाइन जमा किए जाने का प्रमाण और कम से कम छह महीने की वैधता वाला पासपोर्ट शामिल है। उच्चायोग ने सख्ती से सलाह दी है कि भारतीय नागरिक कार्य परमिट या ‘वीजा विद रेफरेंस’ (वीडीआर) के बिना काम या रोजगार के उद्देश्य से मलेशिया की यात्रा न करें।

SCROLL FOR NEXT