एअरपोर्ट पर हमले का सीसीटीवी फुटेज 
देश/विदेश

दम्माम हवाई अड्डे पर हमले में भारतीय की मौत

ईरान समर्थित हूती विद्रोही हवाई अड्डों और महत्वपूर्ण ठिकानों को बना रहे निशाना

Bharat Paswan

दुबई : सऊदी अरब के दम्माम हवाई अड्डे पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। इससे एक दिन पहले, सऊदी अरब के शायबा तेल क्षेत्र को निशाना बनाकर किए गए ड्रोन हमले में एक अन्य भारतीय नागरिक घायल हुआ था। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘बुधवार रात दम्माम हवाई अड्डे पर हुए हमले में जान गंवाने वाले दो लोगों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल था। इस हमले में दो भारतीय नागरिक घायल हुए हैं।’’ दूतावास ने कहा कि वह घटना से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी जुटा रहा है और प्रभावित परिवारों के संपर्क में है। यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब सऊदी अरब के हवाई अड्डों, ऊर्जा प्रतिष्ठानों और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों को निशाना बनाकर ड्रोन और मिसाइल हमले तेज हो गए हैं। इस महीने की शुरुआत में रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी एक घातक हमला हुआ था। उस हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हुए थे।

शायबा तेल क्षेत्र पर ड्रोन हमले में दो की मौत

सऊदी अरब में शायबा तेल क्षेत्र पर ड्रोन हमले में एक भारतीय नागरिक घायल हो गया। सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्रालय के अनुसार, बुधवार सुबह हवाई रक्षा प्रणालियों ने एक ड्रोन को उस समय रोक दिया, जब वह सऊदी अरामको के शायबा तेल क्षेत्र की एक इकाई को निशाना बनाने की कोशिश कर रहा था। ड्रोन को रोके जाने के बाद उसके छर्रे गिरने से दो स्थानीय निवासियों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए।’’ मृतकों में एक फिलीपीन और एक नेपाली नागरिक था। वहीं, पाकिस्तान और भारत के एक-एक नागरिक घायल हुए।

सऊदी अरामको मुख्यालय खाली कराने का आदेश

यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के हमले तेज होने के बीच सऊदी अरब की सरकारी तेल कंपनी अरामको ने खाड़ी तट पर धहरान स्थित अपने मुख्यालय को खाली कराने और कर्मचारियों को घर से काम करने का निर्देश दिया है। हालांकि, मुख्यालय खाली कराने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने दावा किया कि संगठन ने लाल सागर के तटीय शहर यानबू में अरामको के ठिकानों और राजधानी रियाद स्थित सऊदी रक्षा मंत्रालय को निशाना बनाया।

कुछ राजनयिकों को वापस बुलाएगा अमेरिका

सऊदी अरब में हूती विद्रोहियों के बढ़ते हमलों के बीच अमेरिका ने अपने कुछ राजनयिकों और उनके परिवारों को वहां से निकलने का आदेश दिया है। इसके अलावा, खाड़ी क्षेत्र के अन्य देशों में स्थित अमेरिकी मिशनों से भी राजनयिकों के परिवारों को वापस बुलाने की तैयारी है। अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने बताया कि सऊदी अरब में गैर-आपातकालीन सरकारी कर्मचारियों और उनके परिवारों को वापस जाने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि ईरान समर्थित हूती विद्रोही देश के हवाई अड्डों और अन्य महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बना रहे हैं।

SCROLL FOR NEXT