प्रधानमंत्री तारिक रहमान के साथ बैठक कर चर्चा करते भारतीय उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी  
देश/विदेश

भारतीय उच्चायुक्त ने पीएम तारिक रहमान से की मुलाकात

पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के वर्चुअल मीडिया संवाद को लेकर पैदा हुए ताजा तनाव के बीच मुलाकात कर की बैठक

ढाका : भारत और बांग्लादेश के बीच संबंधों में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के नई दिल्ली में पिछले सप्ताह हुए वर्चुअल मीडिया संवाद को लेकर पैदा हुए ताजा तनाव के बीच भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने सोमवार को बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान से मुलाकात की। यह मुलाकात करीब आधे घंटे तक चली। नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि बैठक से दोनों पड़ोसी देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों और आपसी संपर्क को और मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है। हालांकि, बैठक में किन मुद्दों पर चर्चा हुई, यह तत्काल स्पष्ट नहीं हो सका।

ढाका में भारत के उच्चायुक्त के तौर पर कार्यभार संभालने के छह सप्ताह से अधिक समय बाद त्रिवेदी की प्रधानमंत्री रहमान के साथ यह पहली शिष्टाचार मुलाकात थी। त्रिवेदी सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और इस राजनयिक पद पर नियुक्त होने वाले पहले राजनेता हैं। यह मुलाकात उन अटकलों के बीच हुई है कि भारत ने रहमान को नई दिल्ली में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण दिया है, लेकिन वह 12-13 सितंबर को प्रस्तावित सम्मेलन में शामिल नहीं हो सकते हैं।

SCROLL FOR NEXT