विदेश मंत्री एस. जयशंकरर गुयाना के राष्ट्रपति इरफान अली के साथ 
देश/विदेश

गुयाना को 50 करोड़ डॉलर की ऋण सुविधा देगा भारत

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने गुयाना के राष्ट्रपति इरफान अली से मुलाकात के दौरान यह घोषणा की

Bharat Paswan

सेंट जॉन्स : भारत ने गुयाना में सड़क, स्वास्थ्य और रक्षा परियोजनाओं के लिए 50 करोड़ अमेरिकी डॉलर की ऋण सहायता (लाइन ऑफ क्रेडिट) बढ़ाने की घोषणा की है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने एंटीगुआ और बारबुडा में राष्ट्रमंडल शासनाध्यक्षों की बैठक (चोगम) से इतर गुयाना के राष्ट्रपति इरफान अली से मुलाकात के दौरान यह घोषणा की। जयशंकर ने सोशल मीडिया पर बताया कि दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गुयाना यात्रा के बाद दोनों देशों के संबंधों में लगातार प्रगति हुई है। इस दौरान दोनों देशों के बीच सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों (एमएसई) की विनिर्माण परियोजनाओं की आपूर्ति और स्थापना, त्वरित प्रभाव वाली परियोजनाओं के लिए अनुदान सहायता तथा डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में सहयोग से जुड़े समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। इनमें गुयाना में यूपीआई जैसी भुगतान प्रणाली विकसित करने में सहयोग भी शामिल है। इससे पहले जयशंकर ने राष्ट्रमंडल देशों के शासनाध्यक्षों और कारोबारी नेताओं की नाश्ते पर आयोजित बैठक में भाग लिया। उन्होंने साझेदार देशों से जोखिम कम करने और आर्थिक गतिविधियों में विविधता लाने का आह्वान किया।

SCROLL FOR NEXT