संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन की प्रथम सचिव पेटल गहलोत संबोधित करती 
देश/विदेश

भारत ने पाकिस्तान के ‘झूठ' और ‘छल' पर साधा निशाना

संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन की प्रथम सचिव पेटल गहलोत ने पाकिस्तान को दिया करारा जवाब

Bharat Paswan

संयुक्त राष्ट्र : भारत ने पाकिस्तान को ‘‘कठपुतली शासन’’ करार देते हुए संयुक्त राष्ट्र में उसके ‘‘झूठ और छल’’ पर तीखा प्रहार किया और कहा कि इस्लामाबाद की ओर से जारी आतंकवाद के गंभीर परिणाम होंगे। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने शुक्रवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने संबोधन के दौरान कश्मीर मुद्दा उठाया और 2025 में भारत के साथ सैन्य संघर्ष को रोकने का श्रेय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हस्तक्षेप को दिया। शरीफ के संबोधन के बाद भारत ने जवाब के अधिकार का इस्तेमाल किया। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन की प्रथम सचिव पेटल गहलोत ने कहा कि भारत ने ऐसे शासन से लोकतांत्रिक अधिकारों और मानवीय मूल्यों पर पाखंडपूर्ण उपदेश सुने हैं, जिसकी राजधानी को अपने ही लोगों से बचाने के लिए किलेबंद किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में सेना का, सेना द्वारा और सेना के लिए शासन है। उसकी कठपुतलियां बदलती रह सकती हैं, लेकिन असली फैसले कौन करता है, इस पर कोई भ्रम नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की वास्तविकता उसके 27वें संविधान संशोधन और उसके असली शासक को दी गई आजीवन कानूनी छूट से स्पष्ट होती है। उन्होंने कहा कि साल-दर-साल झूठ दोहराने से वह सच नहीं हो जाता।

SCROLL FOR NEXT