तोक्यो : भारत और जापान ने वैश्विक आपूर्ति शृंखला में बाधा डालने वाली आर्थिक नीतियों और निर्यात प्रतिबंधों पर गंभीर चिंता जताई है। दोनों देशों ने रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने और रक्षा साझेदारी मजबूत करने पर सहमति जताई। गुरुवार को हुई चौथी ‘2+2’ मंत्रिस्तरीय वार्ता के बाद जारी संयुक्त बयान में सेमीकंडक्टर, महत्वपूर्ण खनिज, स्वच्छ ऊर्जा और दवा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि संसाधनों, संपर्क मार्गों और आपूर्ति शृंखला को हथियार की तरह इस्तेमाल करने की प्रवृत्ति बढ़ रही है, जिससे राष्ट्रीय सुरक्षा प्रभावित हो रही है। उन्होंने निर्बाध समुद्री व्यापार की जरूरत भी बताई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि दोनों देश पनडुब्बी तकनीक और मिसाइल प्रौद्योगिकी में सहयोग तेज करेंगे। समुद्री निगरानी, खोज एवं बचाव तथा सूचनाओं के आदान-प्रदान में भी साझेदारी बढ़ेगी। दोनों पक्षों ने नौसैनिक जहाजों के संयुक्त विकास और डिजाइन पर भी सहमति जताई। वार्ता में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार, आतंकवाद के खिलाफ सहयोग और हिंद-प्रशांत क्षेत्र को स्वतंत्र, खुला एवं सुरक्षित बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।
भारत-जापान संबंधों के 75 साल पर विशेष लोगो जारी :
भारत और जापान ने राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में गुरुवार को विशेष लोगो जारी किया। विदेश मंत्री एस. जयशंकर और जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी ने इसका अनावरण किया। दोनों देश 2027 को ‘भारत-जापान साझा क्षितिज वर्ष’ के रूप में मनाएंगे। लोगो में ‘75’ के जरिये दोनों देशों की सांस्कृतिक पहचान दर्शायी गई है। इसमें भारतीय अलंकरण, जापान का उगता सूरज, पारंपरिक लहरें और कमल शामिल हैं। इसे राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान, बेंगलुरु के स्नातकोत्तर छात्र अखिल क्लीटस ने तैयार किया है। भारत और जापान की संयुक्त समिति ने 850 से अधिक प्रविष्टियों में से इस डिजाइन का चयन किया।