सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के गुप्तापाड़ा पंचायत क्षेत्र में रविवार को ‘नेताजी सुभाष चंद्र बोस ग्रामीण हाट’ का भव्य उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों, किसानों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय किसानों, छोटे व्यवसायियों और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को अपनी उपज सीधे बाजार तक पहुंचाने का अवसर प्रदान करना है। प्रकाश अधिकारी, दक्षिण अंडमान जिला परिषद अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि यह ग्रामीण हाट छोटे किसानों और स्थानीय उद्यमियों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे उन्हें अपनी उपज बेचने के लिए स्थायी और सुलभ मंच मिलेगा। उन्होंने बताया कि अब तक क्षेत्र के किसान अपनी उपज बेचने के लिए जंगलीघाट और अन्य दूरस्थ बाजारों में जाते थे, जहां उन्हें समय, परिवहन और अतिरिक्त खर्च का सामना करना पड़ता था। इस नई व्यवस्था से न केवल उनका समय और खर्च बचेगा, बल्कि उन्हें बेहतर आय भी प्राप्त होगी। प्रकाश अधिकारी ने यह भी बताया कि इस हाट के नामकरण के पीछे विशेष महत्व है, क्योंकि नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने वर्ष 1943 में अंडमान में पहली बार तिरंगा फहराया था। उनके योगदान को याद करते हुए इस बाजार का नाम उनके नाम पर रखा गया है। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने भी इस पहल को सराहते हुए कहा कि यह उनके लिए आजीविका का नया अवसर लेकर आया है। मुख्य अतिथि ग्रामीण विकास/पंचायती राज संस्थान के निदेशक ने अपने संबोधन में इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि पंचायत और ग्रामीणों की संयुक्त मेहनत का यह परिणाम है। उन्होंने कहा कि किसी भी नए कार्य को सफल होने में समय लगता है और निरंतर प्रयास से ही यह हाट भविष्य में एक बड़े बाजार के रूप में विकसित हो सकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशासन की ओर से इस पहल को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा, जिसमें आवश्यक भूमि, बुनियादी ढांचे और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था शामिल है।
कार्यक्रम में मौजूद किसानों और दुकानदारों ने बताया कि इस हाट के शुरू होने से उन्हें काफी राहत मिली है। पहले जहां उन्हें दूर-दराज के बाजारों में जाने के लिए रात में ही घर से निकलना पड़ता था और परिवहन पर अतिरिक्त खर्च करना पड़ता था, वहीं अब वे अपने ही क्षेत्र में दुकान लगाकर आसानी से अपनी उपज बेच पा रहे हैं। इससे उनकी आमदनी में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि इस हाट को और विकसित करने के लिए स्थायी ढांचा, शेड, पार्किंग और बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग यहां आ सकें। साथ ही, इसे एक स्थायी और नियमित बाजार के रूप में विकसित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि आने वाले समय में इस हाट को और विस्तार देने तथा अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे इस पहल का समर्थन करें और अधिक से अधिक संख्या में यहां खरीदारी करने आएं, ताकि यह बाजार सफल हो सके।