देश/विदेश

दिल्ली में LPG गैस की अवैध बिक्री, 62 LPG सिलेंडर जब्त

LPG सिलेंडर बेचने के आरोप में 28 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है

नयी दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जामिया नगर इलाके में कथित तौर पर अवैध रूप से LPG सिलेंडर बेचने के आरोप में 28 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है और उसके कब्जे से 62 सिलेंडर तथा परिवहन में इस्तेमाल एक वाहन बरामद किया गया। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान शाहनवाज के रूप में हुई है, जिसे सोमवार को यमुना पुस्ता क्षेत्र में नियमित गश्त के दौरान पकड़ा गया था। उन्होंने बताया कि पुलिस की एक टीम ने शाहनवाज को LPG सिलेंडरों से लदे एक टेम्पो के पास खड़े होकर उन्हें बेचते देखा। पूछताछ करने पर वह सिलेंडरों की बिक्री के लिए कोई वैध लाइसेंस या प्राधिकरण प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने बताया कि वाहन से कुल 62 LPG सिलेंडर (48 भरे हुए और 14 इस्तेमाल किए हुए) बरामद किए गए और वाहन को भी जब्त कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अधिक मुनाफा कमाने के लिए बिना रसीद दिए स्थानीय लोगों को सिलेंडर बेच रहा था। उसने यह भी बताया कि वह मुकेश नामक एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलीभगत कर काम कर रहा था, जो सिलेंडरों की व्यवस्था करता था।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस सह-आरोपी मुकेश की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है और मामले की जांच जारी है।

SCROLL FOR NEXT