देश/विदेश

IIT खड़गपुर में शुरू होंगे PG मेडिकल कोर्स, NMC से मिली मंजूरी

IIT खड़गपुर में शुरू होंगे एमडी के छह नए पाठ्यक्रम, देश के सभी आईआईटी में पहली बार मिलेगी पीजी मेडिकल शिक्षा

Muskan Lall

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर ने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक पहल की है। संस्थान देश का पहला आईआईटी बन गया है, जहां राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) से मान्यता प्राप्त स्नातकोत्तर (पीजी) मेडिकल डिग्री कार्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से डॉ. बी.सी. रॉय मल्टी-स्पेशियलिटी मेडिकल रिसर्च सेंटर में एमडी पाठ्यक्रमों की शुरुआत होगी।

इस पहल के साथ आईआईटी खड़गपुर चिकित्सा शिक्षा और तकनीकी अनुसंधान के बीच एक नया सेतु स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। संस्थान का उद्देश्य केवल विशेषज्ञ डॉक्टर तैयार करना नहीं, बल्कि चिकित्सा के क्षेत्र में इंजीनियरिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और आधुनिक अनुसंधान को जोड़कर स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाना है।

आईआईटी खड़गपुर के निदेशक सुमन चक्रवर्ती ने इस उपलब्धि को संस्थान के लिए ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि भारत के पहले आईआईटी के रूप में संस्थान अब चिकित्सा शिक्षा के भविष्य को नई दिशा देने की पहल कर रहा है। उनकी परिकल्पना ऐसे चिकित्सा विशेषज्ञ तैयार करने की है, जो उत्कृष्ट चिकित्सक होने के साथ-साथ नवाचार और अनुसंधान के माध्यम से स्वास्थ्य क्षेत्र की जटिल चुनौतियों का समाधान भी कर सकें।

पहले चरण में संस्थान छह विषयों में एमडी पाठ्यक्रम शुरू करेगा। इनमें जनरल मेडिसिन, रेडियोलॉजी, फिजियोलॉजी, पैथोलॉजी, कम्युनिटी मेडिसिन और बायोकेमिस्ट्री शामिल हैं। प्रत्येक विषय में दो-दो सीटें निर्धारित की गई हैं। इस प्रकार शुरुआती बैच में कुल 12 विद्यार्थियों को प्रवेश मिलेगा।

सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया नीट-पीजी (NEET-PG) की ऑनलाइन काउंसलिंग के माध्यम से पूरी की जाएगी। आधिकारिक काउंसलिंग कार्यक्रम, पात्रता शर्तों और सीट मैट्रिक्स के अनुसार इन पाठ्यक्रमों को दूसरे राउंड में प्रवेश के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।

इस तरह आईआईटी खड़गपुर देश के आईआईटी संस्थानों के इतिहास में स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा शुरू करने वाला पहला संस्थान बन जाएगा। यह पहल भविष्य में चिकित्सा विज्ञान, तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के समन्वय से स्वास्थ्य अनुसंधान एवं उपचार के क्षेत्र में नए अवसर पैदा कर सकती है।

SCROLL FOR NEXT