निशांत कुमार 
देश/विदेश

पिता के सिद्धांतों पर चलूंगा, जदयू को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का प्रयास करूंगा: निशांत कुमार

''सुशासन दिवस-नीतीश संवाद'' के तहत आयोजित किया गया था कार्यक्रम

Ravi

पटना : बिहार के मंत्री निशांत कुमार ने मंगलवार को जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि वह पार्टी को ‘नई ऊंचाइयों’ पर ले जाने में मदद करेंगे। निशांत ने अपने पिता नीतीश कुमार के इस सिद्धांत पर कायम रहने की बात कही कि ''अपराध, भ्रष्टाचार और सांप्रदायिकता से कोई समझौता नहीं होगा।''

भावी जद(यू) प्रमुख माने जा रहे निशांत कुमार पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। यह कार्यक्रम ''सुशासन दिवस-नीतीश संवाद'' के तहत आयोजित किया गया था। इसका आयोजन उस तारीख को किया गया, जब 2005 में उनके पिता ने बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में अपना दो दशक लंबा कार्यकाल शुरू किया था।

निशांत ने उस समय राजनीति में कदम रखा था, जब उनके पिता नीतीश कुमार राज्यसभा चले गए थे। उन्होंने केंद्र से बिहार को मिल रही सहायता के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया। साथ ही, भाजपा नेता एवं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की भी सराहना करते हुए कहा कि ‘वह उनके पिता द्वारा किए गए अच्छे कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं।’

निशांत ने कहा, ''पापा के नेतृत्व में बिहार ने लंबा सफर तय किया है। अब उनकी विरासत को आगे बढ़ाना और नई ऊंचाइयों पर ले जाना हमारा प्रयास होगा। मेरे पिता अपराध, भ्रष्टाचार और सांप्रदायिकता से कोई समझौता नहीं करने के सिद्धांत पर चलते रहे हैं। मैं भी इन सिद्धांतों का पालन करने का वादा करता हूं।''

12 लाख लोगों को रोजगार दिया गया : निशांत कुमार ने कहा, ''वर्ष 2020 में मेरे पिता ने बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन का संकल्प लिया था। इस वादे को पूरा करने के लिए तब से 12 लाख लोगों को रोजगार दिया गया है। पिछले साल विधानसभा चुनाव से पहले राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) ने एक करोड़ रोजगार देने का वादा किया था।

इसलिए रोजगार सृजन की रफ्तार आगे भी तेज बनी रहेगी।'' उन्होंने कहा, ''मुझे खुशी है कि मेरे पिता की विरासत को सम्राट चौधरी अच्छी तरह आगे बढ़ा रहे हैं। मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भी आभार व्यक्त करता हूं, जिनकी सरकार बिहार को उदारतापूर्वक सहायता दे रही है।''

पार्टी कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण : निशांत ने पार्टी कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि उनकी मेहनत के बिना यह सफलता संभव नहीं थी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार और आम लोगों के बीच सेतु के रूप में अपनी भूमिका निभाते रहने की अपील की। उन्होंने कहा, ''कृपया अपना काम जारी रखें। आम लोगों को बताएं कि सरकार उनके लिए क्या कर रही है और उनकी प्रतिक्रिया हम तक पहुंचाएं।''

SCROLL FOR NEXT