हरीश रावत ने खुद को मुख्यमंत्री पद की दौड़ से बाहर बताया 
देश/विदेश

मुख्यमंत्री पद की दौड़ में नहीं हूं : हरीश

हमारी पार्टी में इस पद के लिए योग्य और सक्षम लोग हैं, हमारा लक्ष्य 2027 में कांग्रेस की सरकार बनाना है

Ravi

देहरादून : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने खुद को मुख्यमंत्री पद की दौड़ से बाहर बताते हुए कहा है कि उनका लक्ष्य 2027 में राज्य में कांग्रेस की सरकार बनाना है।

रावत ने बुधवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि मेरे मुख्यमंत्री पद की दौड़ में होने की कानाफूसियां बेवजह हैं। हमारी पार्टी में इस पद के लिए योग्य और सक्षम लोग हैं। हमारा लक्ष्य 2027 में कांग्रेस की सरकार बनाना है।

अगले साल की शुरुआत में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव में रावत की ओर से हरिद्वार जिले की खानपुर सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जताये जाने के बाद कांग्रेस में इन चर्चाओं को बल मिला था। इसके बाद ही उन्होंने यह पोस्ट की। रावत 2014 से 2017 तक उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य भाजपा सरकार को सत्ता से हटाकर कांग्रेस की सरकार बनाना है।

अंकिता भंडारी हत्याकांड पर विशेष जोर देते हुए रावत ने कहा कि उनका उद्देश्य ‘उत्तराखंड की बेटी’ को न्याय दिलाना और उसकी हत्या से जुड़े कथित ‘VIP’ को सजा दिलाना है। उन्होंने इसे राज्य का बेहद अहम मुद्दा बताते हुए न्याय की मांग को कांग्रेस की प्रमुख राजनीतिक प्राथमिकताओं से जोड़ा। कांग्रेस नेता ने स्कूली बच्चों के मध्याह्न भोजन और गर्भवती महिलाओं को दिये जाने वाले राशन में कथित घोटाले का मुद्दा भी उठाया।

SCROLL FOR NEXT