देश/विदेश

जुबीन गर्ग स्मृति सप्ताह के दूसरे दिन ‘मानवता दिवस

असम में AJP ने चलाया रक्तदान अभियान

Krishna Das Parth

गुवाहाटी : असम जातीय परिषद (AJP) ने दिवंगत गायक एवं संगीतकार जुबीन गर्ग की स्मृति में आयोजित सप्ताहव्यापी ‘जुबीन गर्ग स्मृति सप्ताह’ के दूसरे दिन सोमवार को ‘मानवता दिवस’ के रूप में मनाया। इस अवसर पर पार्टी ने असम के विभिन्न जिलों में रक्तदान अभियान आयोजित कर जुबीन गर्ग को श्रद्धांजलि दी। AJP के अनुसार, राज्य के प्रत्येक जिले में पार्टी के 101 नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने रक्तदान किया। पार्टी ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य जुबीन गर्ग के मानवीय मूल्यों, सामाजिक सरोकारों और जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाना है।

नारेंगी में केंद्रीय रक्तदान कार्यक्रम

गुवाहाटी के नारेंगी क्रीड़ा संघ के खेल मैदान में केंद्रीय स्तर पर रक्तदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें AJP के अध्यक्ष लुरिनज्योति गोगोई ने भी रक्तदान किया। उनके अलावा पार्टी के कई अन्य नेता, कार्यकर्ता और समर्थक भी कार्यक्रम में शामिल हुए। पार्टी ने बताया कि स्मृति सप्ताह के तहत राज्य के कई जिलों में एक साथ रक्तदान कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भाग लेकर सामाजिक सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

जुबीन के मानवीय आदर्शों को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास

AJP ने कहा कि ‘मानवता दिवस’ का उद्देश्य जुबीन गर्ग के मानवतावादी विचारों को आम लोगों तक पहुंचाना और समाजसेवा के कार्यों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी को प्रोत्साहित करना है। पार्टी के मुताबिक, रक्तदान जैसे सामाजिक कार्यों के माध्यम से जुबीन गर्ग की सामाजिक प्रतिबद्धता और जनकल्याण की भावना को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। सप्ताहव्यापी स्मृति कार्यक्रम के दौरान AJP की ओर से जुबीन गर्ग के जीवन, संगीत और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न पहलुओं को याद किया जा रहा है। पार्टी का कहना है कि स्मृति सप्ताह को केवल श्रद्धांजलि तक सीमित रखने के बजाय इसे सामाजिक सेवा और जनकल्याण से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

SCROLL FOR NEXT