कार्यालय में हुआंग का स्वागत करते कर्मचारी 
देश/विदेश

एनवीडिया में वापस लौटे हुआंग का शानदार स्वागत

कर्मचारियों ने तालियों- नारों से किया स्वागत, ट्रंप ने वापसी का लिया क्रेडिट

Bharat Paswan

वाशिंगटन : सीईओ पद पर दोबारा नियुक्ति के बाद जेन्सेन हुआंग सोमवार को पहली बार एनवीडिया के मुख्यालय पहुंचे। वहां सैकड़ों कर्मचारियों ने तालियां बजाकर और उनका नाम लेकर उनका जोरदार स्वागत किया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कार्यालय की कई मंजिलों पर कर्मचारी रेलिंग के पास खड़े होकर उनका उत्साह बढ़ाते नजर आए। इस दौरान हुआंग ने कर्मचारियों को हुई परेशानी के लिए माफी मांगी और उन्हें दूसरा मौका देने के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुझे दूसरा मौका देने के लिए आप सभी का शुक्रिया। मैं इस बार पहले से बेहतर सीईओ साबित होऊंगा।

ट्रंप ने लाल ब्रा वाली तस्वीर साझा कर कसा तंज

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एनवीडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जेन्सेन हुआंग की कंपनी में वापसी का अनोखे अंदाज में स्वागत किया। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ट्रुथ सोशल पर एक एआई से तैयार तस्वीर साझा की, जिसमें हुआंग 2024 में खुद पर हुए जानलेवा हमले के बाद ट्रंप की चर्चित मुद्रा में नजर आ रहे हैं। फर्क सिर्फ इतना है कि ट्रंप की तरह मुट्ठी उठाने के बजाय हुआंग हाथ में लाल रंग की ब्रा लहरा रहे हैं। तस्वीर में उन्हें ट्रंप की तरह सुरक्षाकर्मियों से घिरा दिखाया गया है। ट्रंप ने हुआंग को 'महान देशभक्त' और 'राष्ट्रीय धरोहर' बताया। तस्वीर को उनके कथित विवाहेतर संबंधों से जुड़े विवाद पर तंज माना जा रहा है।

शेयरों में उछाल से ट्रंप को 140 करोड़ रुपये तक का फायदा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को एनवीडिया के शेयरों में तेजी से 15 मिलियन डॉलर (करीब 140 करोड़ रुपये) तक का कागजी लाभ होने का दावा किया गया है। कंपनी के सीईओ जेन्सेन हुआंग की बहाली के बाद उसके शेयर 31.5 प्रतिशत उछलकर 165.05 डॉलर पर पहुंच गए। इससे एनवीडिया का बाजार पूंजीकरण करीब 950 अरब डॉलर (88.20 लाख करोड़ रुपये) बढ़ गया। गौरतलब है कि 12 नवंबर को कथित जासूसी और संबंधों से जुड़े आरोपों के बाद हुआंग को पद से हटाया गया था। ट्रंप के हस्तक्षेप के बाद बोर्ड ने उन्हें दोबारा सीईओ बना दिया।

SCROLL FOR NEXT