समाचार 3 के लिए फोटो कैप्शन: हॉर्नबिल नेस्ट के समीप स्थापित 32 फीट ऊंची भगवान शिव की प्रतिमा, जिसके समक्ष हिंदू राष्ट्र शक्ति की ओर से हवन-पूजन किया गया। 
देश/विदेश

हॉर्नबिल नेस्ट के पास शिव प्रतिमा पर हुआ हवन-पूजन

32 फीट ऊंची शिव प्रतिमा बनी आकर्षण का केंद्र

SANJIB KUMAR ROY

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजय पुरम -- कार्बिन्स कोव की ओर जाने वाले मार्ग पर हॉर्नबिल नेस्ट के समीप स्थापित 32 फीट ऊंची भगवान शिव की प्रतिमा अब स्थानीय लोगों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनती जा रही है।

हिंदू राष्ट्र शक्ति की ओर से आज आयोजित पूजा कार्यक्रम में प्रतिमा के समक्ष विधि-विधान से पूजा और हवन किया गया। संगठन के अध्यक्ष राकेश्वर लाल ने बताया कि कार्बिन्स कोव क्षेत्र में अस्थि विसर्जन के लिए स्थान विकसित करने की पहल लंबे समय से चल रही थी। उनके अनुसार, इस संबंध में करीब 28 वर्ष पहले दिवंगत दिनेश गोयल द्वारा विचार रखा गया था। बाद में संगठन की ओर से प्रशासन के समक्ष इस विषय को उठाया गया, ताकि ऐसे परिवारों को स्थानीय स्तर पर सुविधा मिल सके जो अंतिम संस्कार के बाद अस्थि विसर्जन के लिए मुख्य भूमि नहीं जा पाते।

विश्व हिंदू परिषद से जुड़े प्रतिनिधियों ने भी कहा कि प्रतिमा के पीछे का क्षेत्र भविष्य में धार्मिक कर्मकांड और अस्थि विसर्जन से संबंधित गतिविधियों के लिए उपयोग किए जाने की योजना है। उन्होंने बताया कि इस स्थल का औपचारिक शुभारंभ बाद में किया जाएगा। प्रतिमा और आसपास के क्षेत्र के विकास से कार्बिन्स कोव में एक नया सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थल जुड़ गया है।

स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत विकसित किए जा रहे इस क्षेत्र में स्थापित प्रतिमा की ऊंचाई करीब 20 फीट है, जबकि आधार सहित इसकी कुल ऊंचाई 32 फीट है। ध्यान मुद्रा में स्थापित शिव प्रतिमा के सामने हाल ही में पूजा-अर्चना और मंत्रोच्चारण का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।

प्रतिमा के मूर्तिकार राकेश शशि ने बताया कि इसके निर्माण में करीब 17 से 18 महीने का समय लगा और अभी कुछ कार्य शेष है। उन्होंने बताया कि प्रतिमा के निर्माण में सीमेंट और रेत का इस्तेमाल किया गया है। मूल ढांचे के निर्माण में लोहे की संरचना तैयार की गई थी। राकेश शशि के अनुसार, वह केरल से हैं और उनकी टीम के कई कलाकार भी केरल से आए थे। निर्माण कार्य के विभिन्न चरणों में स्थानीय सहायकों की भी मदद ली गई।

प्रतिमा की स्थापना से जुड़ा क्षेत्र स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत मरीना पार्क से कार्बिन्स कोव तक विकसित किया गया है। इस क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण के साथ एमपी थिएटर, मछलीघर और खानपान के लिए स्टॉल जैसी सुविधाएं भी विकसित की गई हैं, जिसके कारण यहां पर्यटकों की आवाजाही बढ़ी है।

SCROLL FOR NEXT