नयी दिल्ली : भारत ने वरिष्ठ राजनयिक दिनेश के पटनायक को गुरुवार को कनाडा में अपना अगला उच्चायुक्त नियुक्त किया। पटनायक भारतीय विदेश सेवा के 1990 बैच के अधिकारी हैं। वह वर्तमान में स्पेन में भारत के राजदूत के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि पटनायक को कनाडा में भारत का अगला उच्चायुक्त नियुक्त किया गया है। जानकारी हो कि हाल के दिनों में भारत और कनाडा के संबंध तनावपूर्ण रहे हैं।
खालिस्तानी अलगाववाद से जुड़े मुद्दों और राजनीतिक बयानों ने रिश्तों में खटास ला दी थी। दोनों देशों के बीच व्यापार, शिक्षा और प्रवासी भारतीयों के कारण गहरे रिश्ते हैं, लेकिन राजनीतिक मतभेद के चलते संवाद मुश्किल दौर में है। ऐसे समय में दिनेश पटनायक की नियुक्ति को बेहद अहम माना जा रहा है। यह नियुक्ति पिछले साल जून में जी-7 सम्मेलन के दौरान कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हुई सहमति के बाद की गई है। कनाडा की विदेश मंत्री अनिता आनंद ने गुरुवार को इसकी घोषणा की।