डोनाल्ड ट्रंप और बेंजामिन नेत्यानाहू 
देश/विदेश

ईरान युद्ध पर ट्रंप-नेतन्याहू में तीखी बहस

सूत्रों ने बातचीत को बेहद टकरावपूर्ण बताते हुए इसे ‘भयंकर कहासुनी’ करार दिया।

Bharat Paswan

वाशिंगटन : ईरान के साथ जारी युद्ध को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच फोन पर तीखी बहस होने की खबर है। एक इजरायली समाचार वेबसाइट के अनुसार, सप्ताहांत में हुई बातचीत के दौरान नेतन्याहू ने ईरान पर फिर से सैन्य हमले शुरू करने की वकालत की, जबकि ट्रंप ने कूटनीतिक समाधान पर जोर दिया। सूत्रों ने बातचीत को बेहद टकरावपूर्ण बताते हुए इसे ‘भयंकर कहासुनी’ करार दिया। हालांकि, नेतन्याहू के कार्यालय ने इस खबर को ‘फर्जी समाचार’ बताया। एक अन्य वरिष्ठ इजरायली अधिकारी ने बातचीत होने की पुष्टि की, लेकिन किसी टकराव से इनकार किया। नेतन्याहू लगातार अमेरिका से ईरान पर व्यापक हमले फिर शुरू करने और वहां सत्ता परिवर्तन कराने की मांग कर रहे हैं। मंगलवार को इजरायली संसद में उन्होंने कहा कि ईरान के परमाणु खतरे को स्थायी रूप से खत्म करने के लिए वहां के अयातुल्ला शासन को हटाना जरूरी है। वहीं, ट्रंप फिलहाल सैन्य कार्रवाई के बजाय आर्थिक दबाव के जरिए ईरान से रियायतें हासिल करना चाहते हैं। उन्होंने रविवार को कहा था कि युद्ध फिर शुरू करने की कोई वजह उन्हें नजर नहीं आती।

SCROLL FOR NEXT