सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : ग्राम पंचायत हरिनगर के प्रधान मनोजित हलदार ने हालही में अंडमान एवं निकोबार प्रशासन में नव नियुक्त कृषि निदेशक देबब्रत बसंतिया से मुलाकात की और उनका स्वागत करते हुए सम्मान स्वरूप शॉल भेंट किया। बैठक के दौरान प्रधान ने ग्राम पंचायत हरिनगर के किसानों और कृषि क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण समस्याओं को निदेशक के समक्ष रखा। उन्होंने सबसे पहले हाल ही में हुई भारी वर्षा और प्रतिकूल मौसम के कारण नुकसान उठाने वाले किसानों को उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग की। प्रधान ने कृषि विभाग में कर्मचारियों की गंभीर कमी का मुद्दा भी उठाया और ग्राम पंचायत हरिनगर में एक ट्रैक्टर चालक की नियुक्ति किए जाने की मांग की। उन्होंने बताया कि पूर्व ट्रैक्टर चालक के स्थानांतरण के बाद अब तक किसी वैकल्पिक चालक की नियुक्ति नहीं की गई है, जिससे स्थानीय किसानों को काफी असुविधा हो रही है। इसके अतिरिक्त मनोजित हलदार ने ग्राम पंचायत हरिनगर को एक ट्रैक्टर आवंटित करने अथवा कृषि विभाग के माध्यम से किसानों को किराये के आधार पर ट्रैक्टर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, ताकि कृषि गतिविधियों को सुचारु रूप से संचालित किया जा सके। उन्होंने समय पर उर्वरकों और गुणवत्तापूर्ण बीजों की उपलब्धता से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ पंचायत क्षेत्र में कृषि विकास से संबंधित अन्य विषय भी उठाए। कृषि निदेशक ने प्रधान द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि किसानों से संबंधित सभी वास्तविक मांगों और शिकायतों की जांच कर उन्हें यथाशीघ्र समाधान प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा।