फोटो में अंडमान एवं निकोबार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रंगलाल हलदर प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए।  
देश/विदेश

हर महीने जनता दरबार लगाएंगे उपराज्यपाल, जनसमस्याओं की सुनवाई पर जोर: कांग्रेस

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने उठाए द्वीपसमूह के प्रमुख जनहित मुद्दे

SANJIB KUMAR ROY

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजय पुरम --

अंडमान एवं निकोबार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रंगलाल हलदर ने शुक्रवार को एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उपराज्यपाल के साथ हुई प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात की जानकारी साझा की।

उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने 17 सितंबर को लोक निवास में उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा से शिष्टाचार भेंट की और इस दौरान द्वीपसमूह की कई महत्वपूर्ण समस्याओं को विस्तार से उनके समक्ष रखा।

हलदर ने कहा अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के नवनियुक्त उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा जल्द ही नियमित रूप से जनता दरबार आयोजित कर लोगों की समस्याएं सीधे सुनने की पहल कर सकते हैं।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई मुलाकात के दौरान उपराज्यपाल ने कथित तौर पर हर महीने एक दिन जनता दरबार आयोजित करने की बात कही है। इस पहल के माध्यम से आम लोगों को अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे उपराज्यपाल के समक्ष रखने का अवसर मिलने की उम्मीद है। डॉ. दिनेश शर्मा ने 15 सितंबर को अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के उपराज्यपाल के रूप में शपथ ली थी।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी प्रतिनिधिमंडल में एआईसीसी सदस्य के. गणेशन और सुंदर राव, जिला कांग्रेस अध्यक्ष जॉन रॉबर्ट बाबू, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जुबैदा बेगम तथा ओबीसी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष आर.के. राज शामिल थे।

हलदर ने कहा कि मुलाकात के दौरान सबसे पहले द्वीपसमूह की चिकित्सा व्यवस्था से जुड़े मुद्दे उठाए गए। उन्होंने अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकों, दवाओं तथा अन्य आवश्यक चिकित्सा कर्मचारियों की कमी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वर्तमान स्थिति में मरीजों को कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनके अनुसार, उपराज्यपाल ने इन समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों से तत्काल बातचीत भी की।

उन्होंने उत्तर एवं मध्य अंडमान में राष्ट्रीय राजमार्ग-चार की खराब स्थिति का मुद्दा भी उठाया। हलदर ने कहा कि लंबे समय से सड़क की खराब स्थिति के कारण बड़ी आबादी प्रभावित हो रही है। उनके अनुसार, प्रतिनिधिमंडल द्वारा स्थिति की जानकारी दिए जाने के बाद उपराज्यपाल ने संबंधित अधिकारियों से तत्काल संपर्क कर काम को जल्द पूरा करने के निर्देश देने की बात कही।

प्रेस वार्ता में हलदर ने अंडमान से मुख्य भूमि के लिए हवाई किराए में लगातार हो रही वृद्धि का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि अधिक किराए के कारण गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए मुख्य भूमि पर इलाज कराने या अन्य आवश्यक कार्यों के लिए जाना कठिन हो गया है। उन्होंने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने हवाई किराए को कम करने की आवश्यकता पर भी उपराज्यपाल का ध्यान आकर्षित किया और इस दिशा में समाधान का आश्वासन मिलने की बात कही।

इसके अलावा मिनी बे से मीठा बीच तक प्रस्तावित मैरीन ड्राइव परियोजना का मुद्दा भी प्रतिनिधिमंडल ने उठाया। हलदर के अनुसार, परियोजना में देरी के कारणों के बारे में उपराज्यपाल ने संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने बताया कि अधिकारियों से चर्चा के बाद उपराज्यपाल ने परियोजना की प्रक्रिया आगे बढ़ाने और जल्द काम शुरू किए जाने की बात कही।

हलदर ने अंडमान एवं निकोबार में बेरोजगारी और विभिन्न विभागों में खाली पड़े पदों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि कई सरकारी विभागों में पद रिक्त होने के बावजूद नियुक्तियां नहीं हो पा रही हैं।

प्रेस वार्ता में हलदर ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने अंडमान एवं निकोबार के लिए प्रदेश विधानसभा की मांग का मुद्दा भी उपराज्यपाल के समक्ष रखा।

हलदर ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने उपराज्यपाल के समक्ष द्वीपसमूह से जुड़े अन्य जनहित के मुद्दों को भी रखा। उन्होंने दावा किया कि उपराज्यपाल ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और संबंधित विषयों को आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।

जनता दरबार के प्रस्ताव पर हलदर ने कहा कि उपराज्यपाल द्वारा हर महीने एक दिन आम लोगों की समस्याएं सीधे सुनने की बात कहना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इससे आम जनता को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के सर्वोच्च स्तर तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।

हलदर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अंडमान एवं निकोबार के विकास तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर प्रशासन के साथ सहयोग करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मामलों को उठाने और द्वीपसमूह के विकास के लिए आवश्यकता पड़ने पर कांग्रेस पार्टी की ओर से सहयोग दिया जाएगा।

SCROLL FOR NEXT