कीव : जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज रूस द्वारा यूक्रेन के शहरों पर हमले तेज किए जाने के बीच रविवार को कीव पहुंचे। मर्ज की यह यात्रा यूक्रेन के साथ एकजुटता दिखाने के लिए हो रही है।रूस ने हवाई हमले तेज करते हुए यूक्रेन के विभिन्न शहरों को ऐसी बैलिस्टिक मिसाइलों और जेट इंजन वाले ड्रोन से निशाना बनाया है, जिन्हें रोकना मुश्किल है। वहीं, यूक्रेन रूस के तेल उद्योग और कारखानों को निशाना बना रहा है। मर्ज ने कहा कि चांसलर बनने के बाद अपनी दूसरी यूक्रेन यात्रा के दौरान वह जर्मनी की ओर से यूक्रेन के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए कीव आए हैं। उन्होंने कहा कि अगर रूस को नहीं रोका गया, तो जल्द ही वह हमारे खिलाफ भी हो जाएगा। मर्ज ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से कहा कि आप हमारी मदद पर भरोसा करना जारी रख सकते हैं। जर्मनी यूक्रेन को सबसे अधिक सहायता देने वाला देश है। युद्ध शुरू होने के बाद से जर्मनी ने यूक्रेन को 43.3 अरब यूरो (48.8 अरब अमेरिकी डॉलर) से अधिक की सहायता के साथ उपकरण और हथियार भेजे हैं।