बांग्लादेश के सेवानिवृत्त शिक्षक परिवार के साथ (फाइल फोटो) jkkk
देश/विदेश

बांग्लादेश में सेवानिवृत्त हिंदू शिक्षक समेत परिवार के चार लोगों की हत्या

पुलिस ने दो लोगों को लिया हिरासत में

Bharat Paswan

ढाका : बांग्लादेश के रंगपुर शहर में स्कूल के एक सेवानिवृत्त हिंदू शिक्षक, उनकी पत्नी और दो बच्चों की उनके आवास पर कथित तौर पर हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान गणपति चक्रवर्ती (65), प्रीतिलता चक्रवर्ती (50), अगामी चक्रवर्ती प्रार्थी (23) और प्रियम चक्रवर्ती (12) के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्याओं में कथित संलिप्तता के आरोप में मुग्धो और सिद्धार्थ नाम के दो लोगों को हिरासत में लिया है। दोनों आपस में चचेरे भाई हैं। रंगपुर मेट्रोपॉलिटन पुलिस के आयुक्त मोहम्मद अब्दुल माबूद ने रविवार को मीडिया को बताया कि दोनों आरोपी बृहस्पतिवार रात बगल की इमारत के रास्ते चक्रवर्ती के घर की छत पर पहुंचे और वहां मादक पदार्थ ‘याबा’ का सेवन किया। आवाज सुनकर गणपति चक्रवर्ती छत पर गए और वहां मौजूद दोनों लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने बताया कि खुद के पकड़े जाने से बचने के लिए आरोपियों ने चक्रवर्ती के कंधे पर रखे गमछे से उनका गला घोंट दिया। शोर सुनकर चक्रवर्ती की पत्नी ऊपर गईं, जहां आरोपियों ने कथित तौर पर सीढ़ियों पर कपड़े के एक टुकड़े से उनका भी गला घोंट दिया। पुलिस ने बताया कि घटना के दौरान दंपति की बेटी और बेटे की भी हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि परिवार की किसी के साथ कोई ज्ञात दुश्मनी या विवाद नहीं था।

SCROLL FOR NEXT