मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा  
देश/विदेश

मेघालय में 199 करोड़ की 26 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन

मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने पश्चिम जयंतिया हिल्स जिले के समग्र विकास पर दिया जोर

Bharat Paswan

शिलांग : मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने पश्चिम जयंतिया हिल्स जिले में 133.14 करोड़ रुपये की 19 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया और 65.75 करोड़ रुपये की लागत से तैयार सात परियोजनाओं का उद्घाटन किया। ये परियोजनाएं स्वास्थ्य, खेल, लोक निर्माण, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, शिक्षा और ग्रामीण विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार, नई परियोजनाओं के लिए आवंटित राशि में स्वास्थ्य क्षेत्र को 54.65 करोड़, खेल को 51.61 करोड़, लोक निर्माण को 14.14 करोड़, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी को 8.86 करोड़ और शिक्षा को 3.88 करोड़ रुपये दिए गए हैं। संगमा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि पिछले आठ वर्षों में राज्य सरकार ने पश्चिम जयंतिया हिल्स जिले में 1,926.52 करोड़ रुपये की 185 बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजनाएं शुरू की हैं। इनमें से 37 पूरी हो चुकी हैं, 81 पर काम जारी है, जबकि 67 परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। मुख्यमंत्री ने थाडलास्केन सामुदायिक एवं ग्रामीण विकास (सीएंडआरडी) ब्लॉक के तीन करोड़ रुपये की लागत से बने एकीकृत विकास परिसर का भी उद्घाटन किया। इस अवसर पर राइज़ नेता मा क्वित सारी उपस्थित थे। संगमा ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में ब्लॉक कार्यालयों की अहम भूमिका है। राज्य सरकार मेघालय में ब्लॉक कार्यालयों के उन्नयन पर करीब 200 करोड़ रुपये खर्च कर रही है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से समर्पण के साथ काम करने की अपील की। उन्होंने 36 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से विकसित हो रहे थाडलास्केन हॉस्पिटैलिटी कॉम्प्लेक्स का भी निरीक्षण किया। इसमें होटल, कन्वेंशन सेंटर और अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि पश्चिम जयंतिया हिल्स में पर्यटन से जुड़ी परियोजनाओं के लिए 112.45 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इनमें 14.91 करोड़ रुपये की तीन परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, 92.49 करोड़ रुपये की चार परियोजनाओं पर काम जारी है, जबकि 5.05 करोड़ रुपये की दो परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। उन्होंने कहा कि इन पहलों का उद्देश्य जिले के विकास के साथ स्थानीय लोगों के लिए अवसर बढ़ाना है।

SCROLL FOR NEXT