नमल राजपक्षे 
देश/विदेश

एयरबस घोटाले में श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति के बेटे नमल राजपक्षे गिरफ्तार

सौदे में नमल को आठ लाख अमेरिकी डॉलर का लाभ मिलने के साथ ‘कमीशन’ की रकम विभिन्न बैंक खातों में जमा कराने का आरोप

कोलंबो : श्रीलंका एयरलाइन के लिए एयरबस विमानों की खरीद में कथित भ्रष्टाचार के मामले में देश के पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे के बड़े बेटे नमल राजपक्षे को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, नमल राजपक्षे (40) को भ्रष्टाचार या रिश्वतखोरी के आरोपों की जांच करने वाले आयोग (सीआईएबीओसी) के समक्ष पेश होने के लिए कहा गया था। आयोग ने पांच घंटे से अधिक समय तक उनसे पूछताछ की, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर मजिस्ट्रेट असंगा एस. बोदेरागामा के समक्ष पेश किया गया। मजिस्ट्रेट ने उन्हें 18 सितंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। विपक्षी दल श्रीलंका पोडुजाना पेरामुना (एसएलपीपी) के नेता नमल राजपक्षे से उनके पिता के राष्ट्रपति पद पर रहने के दौरान श्रीलंका एयरलाइंस के लिए बड़े आकार के एयरबस विमानों की खरीद से जुड़े आरोपों के संबंध में पूछताछ की गई। आरोप है कि इस सौदे में नमल को आठ लाख अमेरिकी डॉलर का लाभ मिला और ‘कमीशन’ की रकम विभिन्न बैंक खातों में जमा कराई गई। दो साल पहले नेशनल पीपुल्स पावर (एनपीपी) सरकार के सत्ता में आने के बाद से राजपक्षे परिवार के किसी सदस्य को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने का यह पहला मामला है।

SCROLL FOR NEXT