अबू धाबी : तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में कप्तान पर कथित हमला करने वाले सह-पायलट को चिकित्सकीय रूप से स्वस्थ घोषित किए जाने के बाद संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ले जाया गया है। सऊदी अरब और यूएई के अधिकारी घटना के पीछे आतंकवादी मंशा की संभावना की भी जांच कर रहे हैं। हालांकि, हमले का मकसद अभी स्पष्ट नहीं है। सऊदी अरब के गृह मंत्रालय के अनुसार, सह-पायलट को अमीराती सुरक्षा दल के साथ अबू धाबी भेजा गया। शुरुआती जांच में सह-पायलट द्वारा कप्तान पर हमला किए जाने की बात सामने आई है। भारतीय नागरिक कप्तान स्मित मच्छार को पहले सऊदी अरब के तबूक स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उन्हें भी इलाज के लिए अबू धाबी ले जाया गया। यूएई में भारतीय दूतावास के मुताबिक, उनकी हालत अच्छी है और वह तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं। फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड-1073 को बुधवार को तेल अवीव पहुंचना था, लेकिन कॉकपिट में कथित चाकू हमले के बाद विमान को उत्तरी सऊदी अरब के तबूक हवाई अड्डे की ओर मोड़ दिया गया।