मालवाहक जहाज 
देश/विदेश

काला सागर में जहाज में आग, एक की मौत, तीन लापता

रोमानियाई नौसेना प्राधिकरण के अनुसार, हादसा कॉन्स्टांटा बंदरगाह से करीब 13 समुद्री मील दूर हुआ

Bharat Paswan

बुखारेस्ट : रोमानिया के तट के पास काला सागर में एक मालवाहक जहाज में आग लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन लापता हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि बचाव अभियान जारी है। रोमानियाई नौसेना प्राधिकरण के अनुसार, हादसा कॉन्स्टांटा बंदरगाह से करीब 13 समुद्री मील दूर हुआ। जहाज पर यूक्रेन के 10 और अजरबैजान के तीन नागरिक सवार थे। आग से जहाज को भारी नुकसान पहुंचा और वह पलट गया। गृह मंत्रालय ने बताया कि एक अन्य जहाज ने 13 में से 10 लोगों को बचाया। इनमें नौ जीवित थे, जबकि एक की मौत हो गई। खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण बचाव के लिए हेलीकॉप्टर नहीं भेजा जा सका। कोमोरोस के ध्वज वाले जहाज का नाम ‘खोरिव’ है। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है, हालांकि स्थानीय मीडिया ने ड्रोन हमले की आशंका जताई है। काला सागर में हाल में मालवाहक जहाजों पर हुए ड्रोन हमलों से समुद्री सुरक्षा और व्यापार को लेकर चिंता बढ़ी है।

SCROLL FOR NEXT