देश/विदेश

हैडो में सीमेंट दुकान के स्टोर में लगी आग, सामान जलकर खाक

सुबह 4:20 बजे दुकान में लगी आग, दमकल ने बचाई आसपास की दुकानें

Munmun Thakur

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : हैडो सर्किट हाउस जाने वाले मार्ग से ठीक पहले स्थित सीमेंट एवं निर्माण सामग्री की एक दुकान के परिसर में रविवार सुबह आग लगने से वहां रखा सामान और लकड़ी-टिन से बना हिस्सा जलकर खाक हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और तत्काल कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया, जिससे आग आसपास की दुकानों तक फैलने से बच गई। जानकारी के अनुसार, आग सुबह करीब 4:20 बजे लगी। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। दुकान के जिस हिस्से में आग लगी, वहां लकड़ी और अन्य ज्वलनशील सामग्री मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते पूरा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। आग की लपटें काफी ऊंची दिखाई दे रही थीं, जिससे आसपास के दुकानदारों में भी चिंता फैल गई। हालांकि, दमकल कर्मियों ने समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया। आसपास कई छोटी दुकानें और निर्माण सामग्री से संबंधित प्रतिष्ठान होने के कारण आग के फैलने का खतरा बना हुआ था, लेकिन तत्काल कार्रवाई से आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित कर लिया गया। आग में दुकान के स्टोर क्षेत्र में रखा सामान, टिन की चादरें और अन्य सामग्री बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के वास्तविक कारण और संपत्ति को हुए कुल नुकसान का आकलन फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। दमकल विभाग की तत्परता से आग को दुकान के प्रभावित हिस्से तक ही सीमित रखा गया और आसपास की दुकानों को सुरक्षित बचा लिया गया। घटना के बाद स्थानीय स्तर पर आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

SCROLL FOR NEXT