वाशिंगटन : अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी (एफबीआई) के देशव्यापी आपराधिक सूचना डेटाबेस में फिर सेंधमारी हुई है। मामले से जुड़े दो सूत्रों ने इसकी पुष्टि की है। इस घटना से सरकारी संस्थानों पर बढ़ते साइबर हमलों को लेकर चिंता बढ़ गई है। नेशनल क्राइम इंफॉर्मेशन सेंटर (एनसीआईसी) नामक इस डेटाबेस का इस्तेमाल देशभर की पुलिस एजेंसियां गिरफ्तारी वारंट, वांछित अपराधियों और पृष्ठभूमि जांच से जुड़ी जानकारी साझा करने के लिए करती हैं। हाल के महीनों में इस प्रणाली पर यह दूसरा साइबर हमला है। एफबीआई के एक पूर्व अधिकारी ने बताया कि चिंता सिर्फ संवेदनशील सूचनाओं की चोरी की नहीं, बल्कि डेटाबेस में दर्ज जानकारी से छेड़छाड़ की भी है। इससे पुलिस अधिकारियों और आम लोगों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। यह घटना ऐसे समय हुई है, जब ट्रंप प्रशासन देश की साइबर सुरक्षा को लेकर उठ रही चिंताओं को दूर करने की कोशिश कर रहा है।