सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : रंगत, मायाबंदर और बाराटांग क्षेत्र की आम जनता, पंचयती राज प्रतिनिधियों तथा सभी सरकारी विभागों को सूचित किया गया है कि रंगत बे पावर हाउस में हाल ही में खराब हुए डीजी सेटों की मरम्मत सफलतापूर्वक कर ली गई है और अब वे पूरी तरह से संचालित हो रहे हैं। 13.04.2026 को खराब हुआ डीजी-V 27.04.2026 को पुनः चालू कर दिया गया, जबकि 20.04.2026 को खराब हुआ डीजी-II अगले ही दिन 21.04.2026 को ठीक कर चालू कर दिया गया। इसके अतिरिक्त बाराटांग पावर हाउस में एक नया 500 केवीए डीजी सेट स्थापित किया गया है, जो वर्तमान में परीक्षण के दौर में है। डीजी सेटों की बहाली और उत्पादन क्षमता में वृद्धि के बाद तत्काल प्रभाव से किसी भी प्रकार की लोड शेडिंग नहीं की जाएगी। विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं द्वारा व्यवधान के दौरान दिखाए गए धैर्य और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया है और आश्वासन दिया है कि बिजली अवसंरचना को और मजबूत कर रंगत, मायाबंदर और बाराटांग क्षेत्रों में निर्बाध और विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।