तेहरान : ईरान ने एक बार फिर कहा है कि उसने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने पर लगाए गए प्रतिबंधों से भारतीय जहाजों को छूट दी है। ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा एवं विदेश नीति समिति के उपाध्यक्ष अहमद हयात-मोगद्दम के अनुसार, भारत, चीन, इराक और कतर के जहाज बिना किसी रोक-टोक के इस मार्ग से आ-जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि भारत को दवाओं के आयात की सुविधा के लिए यह छूट दी गई है। इस बीच, अमेरिका के साथ संभावित सैन्य टकराव की आशंका के बीच ईरान के शीर्ष राजनीतिक नेता कतर की मध्यस्थता से आए युद्धविराम प्रस्ताव पर विचार करने के पक्ष में हैं। अल अरबिया की रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान, संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकेर गालिबाफ और विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने सैन्य नेतृत्व से कूटनीतिक पहल पर सकारात्मक रुख अपनाने की अपील की है।