दीमापुर : नागालैंड के राज्यपाल एवं इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी (आईआरसीएस) की राज्य शाखा के अध्यक्ष नंद किशोर यादव ने राज्यभर में मानवीय सेवाओं के नेटवर्क को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान जरूरतमंदों तक समय पर सहायता पहुंचाने के लिए बेहतर तैयारी और मजबूत स्थानीय तंत्र जरूरी है। कोहिमा के कैथेड्रल स्थित गोल्डन जुबली हॉल में आयोजित 'डिनर विद अ पर्पस' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि नागालैंड की कठिन भौगोलिक परिस्थितियां, दूर-दराज में बसी आबादी और भूस्खलन, बाढ़ व आग जैसी आपदाएं बड़ी चुनौती हैं। ऐसे में जिला रेड क्रॉस शाखाओं को मजबूत करना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की संख्या बढ़ाने, प्राथमिक उपचार, आपदा प्रबंधन और आपातकालीन राहत के लिए नियमित प्रशिक्षण देने पर जोर दिया। साथ ही मानवीय कोष और आपातकालीन राहत कोष को मजबूत बनाने के लिए संस्थानों, कंपनियों और दानदाताओं से सहयोग की अपील की। यादव ने स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने और युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की आवश्यकता भी बताई। उन्होंने कहा कि दूर-दराज के गांवों में रहने वाले लोगों को भी शहरों की तरह समय पर मानवीय सहायता मिलनी चाहिए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री एवं आईआरसीएस की राज्य शाखा के उपाध्यक्ष डॉ. नेफ्यू रियो ने इस पहल का स्वागत किया। उन्होंने रेड क्रॉस की सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए लोगों से आर्थिक और सामाजिक सहयोग देने की अपील की। उन्होंने 1982 में स्थापना के बाद से प्राकृतिक आपदाओं और संकट के समय सोसाइटी के योगदान की भी सराहना की।