काठमांडू : भारत और नेपाल ने सीमा सुरक्षा मजबूत करने, तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था विकसित करने और आपसी सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई है। दोनों देशों के सशस्त्र बलों की 10वीं समन्वय बैठक शुक्रवार को काठमांडू में संपन्न हुई। नेपाल सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) के महानिरीक्षक नारायण दत्त पौडेल और भारत के सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के महानिदेशक संजय सिंघल की अध्यक्षता में हुई बैठक में सीमा पार अपराध, तस्करी, मानव तस्करी और मादक पदार्थों की आवाजाही रोकने के लिए सूचना साझा करने पर जोर दिया गया। दोनों पक्षों ने सीमा पर अवैध अतिक्रमण और निर्माण रोकने, सीमा स्तंभों के रखरखाव तथा संयुक्त गश्त जारी रखने पर सहमति जताई। साथ ही संदिग्ध लोगों की आवाजाही पर नजर रखने और तीसरे देशों के नागरिकों के अवैध प्रवेश को रोकने के लिए दस्तावेजों की जांच मजबूत करने का निर्णय लिया। बैठक में सीमा चौकियों पर सीसीटीवी, सामान स्कैनर, मेटल डिटेक्टर और ड्रोन के इस्तेमाल से निगरानी व्यवस्था आधुनिक बनाने पर भी चर्चा हुई। अगली बैठक अगले साल भारत में होगी।